फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना मास्क निकलने पर न करें जुर्माना : मेनका

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। लॉकडाउन के बाद पहली बार जिले में पहुंची सांसद मेनका गांधी ने शहर में जगह-जगह हुई बैरिकेडिंग और बिना मास्क घर से निकलने वालों पर किए जाने वाले जुर्माने पर आपत्ति जताई। डीएम व एसपी की मौजूदगी में हो रही दिशा कमेटी की बैठक में सांसद ने साफ कहा कि शहर में आवाजाही पर अनावश्यक सख्ती न की जाए। बिना मास्क वालों का चालान न किया जाए। न ही उनसे जुर्माना वसूल किया जाए।
विज्ञापन

पूरे प्रदेश में अनलॉक के दौर में जुलाई के अंतिम सप्ताह से संपूर्ण लॉकडाउन है। डीएम सी. इंदुमती ने शहर में बढ़ते संक्रमण के बाद लॉकडाउन की घोषणा की थी। करीब 17 दिनों से शहर की बाजारें बंद हैं। शहर के हॉट स्पॉट व कंटेनमेंट जोन में लोगों की आवाजाही निषिद्ध है। इसी माहौल में सांसद मेनका गांधी ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार में दिशा कमेटी की बैठक की।
बैठक में उन्होंने संक्रमण को रोकने के लिए किए गए डीएम और एसपी के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह बीमारी पूरे देश में है। कब तक चलेगी मालूम नहीं, लेकिन अब यह बंदी नहीं होनी चाहिए। बंदी में छोटे-छोटे दुकानदार तबाह हो गए हैं। अब मरीजों को उनके घरों में रखें। मुख्यमंत्री ने भी यह बोला है। उन्होंने शहर में लगाए गए बैरियर पर भी आपत्ति जताई। कहा कि केवल कोरोना संक्रमण वालों के आसपास के मकानों पर पाबंदी होनी चाहिए। पूरे शहर में नाकाबंदी नहीं होनी चाहिए। डीएम व एसपी को इन्हें हटवाने का निर्देश दिया।
विज्ञापन

एसपी शिवहरी मीणा से कहा कि लोग वैसे ही परेशान हैं। बिना मास्क घर से निकलने वालों पर जुर्माना न किया जाए। साथ ही आवश्यक सामान लेकर आने वाले ट्रकों की लोडिंग-अनलोडिंग पर पाबंदी न लगाई जाए। दूबेपुर विकासखंड सभागार में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने मोमबत्ती बनाने, मशरूम व सेब की खेती के टिप्स दिए। इसके पहले सांसद ने केंद्रीय योजनाओं से विभिन्न विभागों की ओर से कराए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा, कौशल विकास, पीएमजीएसवाई, विद्युत, पीएम आवास समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
डीएम सी. इंदुमती ने प्रधानमंत्री रोजगार अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 2200 लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आशा बहुओं को साइकिल दिलाने, एफएम रेडियो को चालू कराने व मुद्रा लोन के सरलीकरण की जानकारी दी। सांसद ने बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जेई से बराबर फोन उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने ऑनलाइन क्लासों के संचालन, कादीपुर बस स्टेशन व केंद्रीय विद्यालय के निर्माण के बारे में भी जानकारी ली। बैठक के अंत में कई मार्गों का लोकार्पण किया। इस मौके विधायक देवमणि द्विवेदी, राजेश गौतम, अबरार अहमद, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, एसपी शिवहरी मीणा, सीडीओ अतुल वत्स, सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी मौजूद रहे।
हम राजनीतिक, हमारा काम हर इलेक्शन जीतना
भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद मेनका गांधी ने कहा कि हम राजनीतिक लोग हैं। हमारा काम है, हर इलेक्शन जीतना। इलेक्शन तभी जीता जा सकता है जब लोगों के लिए अच्छा काम करें।
उन्होंने पूरा शहर बंद होने पर अधिकारियों को खोलने के दिए गए निर्देश की जानकारी देते हुए पदाधिकारियों को सीख दी कि इस मुद्दे को आपको पहले ही उठाना चाहिए था। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत की तैयारी में अभी से जुटने को कहा। बैठक में काशी प्रांत के उपाध्यक्ष रामचंद्र मिश्र, प्रतिनिधि रणजीत कुमार, शशिकांत पांडेय, श्याम बहादुर पांडेय, पूजा कसौंधन, बबिता तिवारी, विजय सिंह रघुवंशी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें