लंभुआ (सुल्तानपुर)। गरयें गांव में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। बेटी की मौत की सूचना के बाद पहुंचे पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के काछा भिटौरा निवासी जानकी प्रसाद ने 28 जून वर्ष 2020 को अपनी पुत्री अर्चना (22) की शादी लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के गरयें निवासी लालता प्रसाद के पुत्र अमरीश के साथ की थी। बुधवार की सुबह अर्चना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता पाया गया। सूचना के बाद गरयें गांव पहुंचे जानकी प्रसाद ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बेटी की शादी में पर्याप्त दान-दहेज दिया था लेकिन मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पति अमरीश, ससुर लालता प्रसाद, सास, देवर सुरेश तथा बृजेश आए दिन अर्चना को प्रताड़ित करते थे।
नौ फरवरी को ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर अर्चना की पिटाई की थी। अर्चना ने ये बात पिता को बताते हुए किसी अनहोनी की बात कही थी। बुधवार को ससुरालीजनों ने अर्चना की हत्या कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।