लंभुआ (सुलतानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में पति संग रिश्तेदार के घर रह रही विवाहिता ने शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ पी लिया। उसे सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।
प्रतापगढ़ जिले के पट्टी कोतवाली के बरहूपुर निवासी मोनू सरोज व प्रतिभा सरोज (23) ने करीब चार साल पहले घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों के घर वाले इससे काफी नाराज थे। इसलिए वे दोनों गांव से दूर रहने लगे थे। जीविकोपार्जन के लिए महानगरों के चक्कर लगाकर वे लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में रहने लगे थे।
अर्जुनपुर गांव में मोनू की बहन रहती है। मोनू अपनी पत्नी के साथ बहन के घर पर रह रहा था। ग्रामीण बताते हैं कि दो दिन पहले पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। इससे नाराज होकर पत्नी प्रतिभा ने शुक्रवार को कोई जहरीला पदार्थ पी लिया था। उसकी हालत गंभीर होने पर मोनू ग्रामीणों की मदद से उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। वहां से चिकित्सक ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
शनिवार को इलाज के दौरान प्रतिभा की मौत हो गई। उसके पति मोनू सरोज की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल सक्सेना ने बताया कि अभी किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।