सुल्तानपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की आंतरिक प्रयोगात्मक परीक्षा के अंकों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर 10 जनवरी से ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिए हैं और तय समय सीमा में अंक अपलोड करने को कहा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि हाईस्कूल स्तर पर नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा विषयों के प्राप्तांक ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। इसी प्रकार इंटरमीडिएट स्तर पर भी नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के आंतरिक प्रयोगात्मक अंकों को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
डीआईओएस ने बताया कि सभी विद्यालयों को सही, पूर्ण और सत्यापित अंक ही ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। अंक अपलोड करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि का सीधा असर छात्रों के परीक्षा परिणाम पर पड़ सकता है। इसलिए विद्यालय प्रबंधन को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। यदि किसी विद्यालय द्वारा समय सीमा में अंक अपलोड नहीं किए जाते हैं या गलत अंक दर्ज किए जाते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी।