\शहर में सोमवार को पंचरास्ता से बाधमंडी रोड की बंद दुकानें।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जीएसटी चोरी को लेकर वाणिज्य कर टीम की ओर से मारे जा रहे छापे से कारोबार को गहरा धक्का लगा है। तीन दिन से बाजारों की बंदी से जिले में करीब 12 करोड़ रुपये का कारोबार चौपट हो गया है। सोमवार को भी दोपहर बाद तक बंदी का असर शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में रहा। शासन की ओर से छापे की कार्रवाई स्थगित किए जाने की सूचना से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
वाणिज्य कर मुख्यालय से गठित टीम की ओर से करीब सप्ताह से जीएसटी चोरी को लेकर प्रतिष्ठानों व दुकानों पर मारे जा रहे छापों से व्यापारी दहशत में आ गए हैं। कार्रवाई के भय से व्यापारियों ने दुकानें बंद करना शुरू कर दिया। सोमवार को भी शहर के साथ कस्बों के ज्यादातर बाजार सुबह से लेकर दोपहर तक बंद रहे। शहर में नेशनल सिनेमा रोड, चौक क्षेत्र की कुछ दुकानें समेत अन्य क्षेत्रों के प्रतिष्ठान बंद रहे। छापे की अफवाह से ग्रामीण क्षेत्र के पारा, बल्दीराय, वलीपुर, हलियापुर, बहुरावां, कुड़वार, अलीगंज, धम्मौर, दियरा, मोतिगरपुर, पांडेयबाबा, ढेमा, बरौंसा, बगियागांव, सेमरी, कूरेभार समेत अन्य क्षेत्रों में ज्यादातर दुकानें बंद रहीं।
शहर के नेशनल सिनेमा रोड पर लॉकडाउन जैसा नजारा रहा। यही नहीं कुछ दुकानों के शटर छापे की अफवाह से खुलते व बंद होते रहे। तीन दिन में बंदी का असर ज्यादा रहा। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी के मुताबिक तीन दिन में कार्रवाई की अफवाह में बंदी की वजह से करीब 12 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। बताया कि बंदी की वजह से आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।