सुल्तानपुर। शहर के प्रमुख हिस्से को हॉट स्पॉट घोषित किए जाने के तीसरे दिन भी बाजार बंद रहा। बंदी से व्यावसायिक गतिविधियां ठप रहीं। हालांकि चौक समेत कुछ मोहल्लों में कुछ व्यापारियों ने चुपके से आधा शटर खोलकर अपनी बिक्री कुछ घंटे जारी रखी। पुलिस व प्रशासन को सूचना मिलते ही उनके शटर फिर गिरा दिए गए। इधर, प्रशासन ने हॉट स्पॉट जोन में विभिन्न जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए विक्रेताओं को पास जारी कर दिया है। पास जारी करते हुए प्रशासन ने बंदी पर शिकंजा कसा है। शहर से गुजरे प्रमुख मार्गों पर आवाजाही में ढील दिए जाने से जरूरी कार्यों से निकलने वालों ने राहत महसूस की।
शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र को हॉट स्पॉट घोषित कर दिए जाने के बाद इस दायरे में आने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस क्षेत्र में रहने वालों के सामने रोजाना के जरूरी सामानों की समस्या खड़ी हो गई है। इसे देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट सी. इंदुमती ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण व जरूरी सामानों की दिक्कतों को दूर करने के लिए घर-घर सामानों की आपूर्ति का निर्देश दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में एसडीएम सदर ने हॉट स्पॉट जोन में आने वाले घरों में जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिए अभी तक 123 पास जारी किया है। इसमें फल-सब्जी के लिए 35, दूध के नौ, किराना के 35 व मेडिकल स्टोर के लिए 44 पास जारी किए गए हैं। पासधारकों को मोहल्ले की गलियां आवंटित की गई हैं।
निर्देश के मुताबिक पासधारक आवंटित मोहल्ले व गली में ही अपने सामानों की बिक्री कर सकेंगे। हालांकि पास जारी होने के बाद भी जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर मेडिकल स्टोर मंगलवार से ही खोल दिए गए। मेडिकल स्टोर खुलने से दवाओं के आपूर्ति की झंझट खत्म हो गई है। प्रशासन की ओर से पास जारी किए जाने के बाद तीसरे दिन फल-सब्जी, दूध की आपूर्ति तकरीबन प्रत्येक गली व मोहल्लों में शुरू हो चुकी है लेकिन अभी किराना सामानों की आपूर्ति नहीं शुरू हो पाई है।
आपूर्ति शुरू नहीं हो पाने से चोरी-चुपके हॉट स्पॉट जोन में कुछ किराना दुकानें खुलने लगी हैं। एसडीएम सदर/इंसीडेंट कमांडर रामजी लाल ने बताया कि हॉट स्पॉट जोन में सामानों की आपूर्ति के लिए पास जारी किए गए हैं। अभी पास जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। मेडिकल स्टोर को छोड़कर अन्य दुकानों के संचालन की इजाजत नहीं है।