शहर के चौक घंटाघर के पास छठ पूजन की सामग्री के लिए मोलभाव करते लोग।
सुल्तानपुर। छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठ पूजा के सामानों से बाजार सज गए हैं। रविवार को पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। बाजार में आम के दाम 400 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। डाला छठ पर पूजन में आम के प्रयोग को देखते हुए फल व्यापारियों ने मंगाया है। चौक इलाके में छठ पूजन की सामग्री खरीदने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। दुकानदार जमुना प्रसाद कसौधन ने बताया कि अबीर-गुलाल सहित सूप, दौरा और डोली जैसी सभी जरूरी सामग्री उपलब्ध हैं। सूप 80 से 100 रुपये, नारियल पानी 60 से 70 रुपये और दौरी 200 से 300 रुपये में मिल रहा है। खरीदारी करने पहुंची गुड़िया सोनी ने कहा कि पर्व के समय सामानों की कीमत डेढ़ से दोगुना बढ़ जाती है। इसलिए बांस से बनी सामग्री में सूप और दौरी की पहले ही खरीद कर ली थी। छठ पूजा में प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग अधिक होता है। हाथों से बने मिट्टी के बर्तनों की काफी मांग है।
शहर की सब्जी मंडी के फल व्यापारी इमरान ने बताया कि डाला छठ पर्व पर फलों की बिक्री बढ़ी है। आम और तरबूज आंध्र प्रदेश से मंगाया गया है। आम 400 और तरबूज 50 रुपये किलो बिक रहा है। केला 30-50 रुपये दर्जन, सेब 80-100, अनार 150, पपीता 60, शरीफा 100 और अमरूद 100 रुपये किलो बेचा जा रहा है। महाराष्ट्र का अमरूद 100 रुपये किलो बिक रहा है।