मनीष तिवारी को बैज लगाकर सम्मानित करते सेना के अधिकारी। स्रोत-परिजन
भदैंया। टोडरपुर अभियाकला निवासी मनीष कुमार तिवारी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज, पुणे से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्हें कमीशन मिला। शुक्रवार को अधिकारियों ने उन्हें बैज लगाकर सम्मानित किया।
मनीष के पिता रमेश कुमार तिवारी सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। मां रेखा देवी गृहिणी हैं। मनीष की प्राथमिक शिक्षा प्रयागराज में हुई और उन्होंने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज, पुणे से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। उनके चाचा विनोद तिवारी ने कहा कि मनीष ने अपने परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट निष्ठा से यह पद प्राप्त किया है। पूर्व सैनिक रमेश दुबे, अशोक पांडेय, राम कृपाल मिश्र और स्वामीनाथ गुप्ता ने इस सफलता पर खुशी जताई है। संवाद