-शहर के पश्चिमी हिस्से से बाईपास बना तो रिंगरोड लेने लगेेगी आकार
- प्रतापगढ़ रोड से अमहट होकर कटका में अयोध्या रोड पर मिलेगा बाईपास
- शहर में जाम से मिलेगी निजात, दूसरे बाईपास पर दबाव भी होगा कम
संवाद न्यूज एजेंसी
सुलतानपुर। सांसद मेनका गांधी की कोशिशें रंग लाईं तो इस शहर को भारी यातायात और जाम से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर शहर के पश्चिम दिशा से नए फोरलेन बाईपास की मांग की है। यदि यह बाईपास मंजूर हो जाता है तो दोनों बाईपास मिलकर रिंगरोड का आकार ले लेंगे।
सांसद मेनका संजय गांधी ने सुल्तानपुर शहर खासकर अमहट में जाम की समस्या समाप्त करने के लिए शहर के पश्चिम तरफ से रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव किया है। नितिन गडकरी को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर में पूर्वी हिस्से में एक बाईपास है जो प्रतापगढ़ जाने वाले हाईवे को अयोध्या जाने वाले हाईवे से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि इसको फोरलेन की मंजूरी मिल गई है। पत्र में उन्होंने कहा कि यदि सुल्तानपुर जिले में पश्चिम तरफ प्रतापगढ़ हाईवे पर अहिमाने से शुरू होकर वैजापुर, दिखौली, अमहट, पल्हीपुर, खैचलाकंला, कटांवा, अमिलिया कला, सरवन होते हुए कटका खानपुर पर अयोध्या रोड तक बाईपास बन जाए तो अमहट से लेकर शहर तक लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इससे आज़मगढ़ और अम्बेडकरनगर से सुल्तानपुर, लखनऊ, रायबरेली और अमेठी की ओर जाने वाला यातायात इस रूट से निकलने लगेगा तो दूसरे बाईपास पर भी दबाव कम हो जाएगा।सात जुलाई को भेजे गए इस पत्र के बारे में बताया जा रहा है कि इसे जल्द ही स्वीकृति मिल सकती है।