सुल्तानपुर। खेल निदेशालय की ओर से प्रदेश स्तरीय महिला खेल समारोह का आयोजन 25 से 27 दिसंबर को जौनपुर में आयोजित किया गया। जिसमें अयोध्या मंडल की टीम में जिले की चार महिला खिलाड़ी शामिल रहीं।
स्टेडियम के वॉलीबॉल कोच प्रदीप यादव ने बताया कि खिलाड़ी प्रियांशी यादव, कशिश प्रिया, साजिया बानो, अंशिका की बदौलत टीम बस्ती, चित्रकूट व लखनऊ मंडल को मात देकर क्वार्टर फाइनल में वाराणसी को पटखनी दी। सेमीफाइनल में मिर्जापुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद आजमगढ़ से हुए फाइनल मुकाबले में टीम उपविजेता बनी। अभी हाल ही में प्रियांशी का चयन राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप में हुआ था। कशिश प्रिया भी राष्ट्रीय स्तर तक अपना परचम लहरा चुकी हैं।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिला क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर, वॉलीबॉल संघ सचिव शिव नारायण सिंह, मुनेंद्र मिश्रा आदि ने खुशी जताई है।