भूमि विवाद में दीवानी न्यायालय से जांच करने पहुंची टीम के सामने ही दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के चाचा की तहरीर पर चार नामजद समेत सात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सुरौली गांव निवासी जगन्नाथ यादव ने कोतवाली नगर क्षेत्र के विनोबापुरी मोहल्ले में भगेलू से सवा बिस्वा जमीन खरीदी है। इसी भूखंड पर लोलेपुर गांव के कुछ लोग अपना कब्जा बताते हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
शनिवार को दीवानी न्यायालय से एक टीम विवादित भूखंड की जांच करने पहुंची। तभी दो लग्जरी वाहनों से करीब सात लोग वहां पहुंच गए। उन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में जगन्नाथ यादव के भतीजे अनूप यादव (32) पुत्र गंगा प्रसाद निवासी इमिलिया सिकरा कोतवाली जयसिंहपुर घायल हो गए। गोली चलने की सूचना पाते ही चौकी इंचार्ज सीताकुंड सचिन राठी पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने घायल अनूप को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि जगन्नाथ यादव की तहरीर पर सिराज अहमद समेत चार नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।