भदैंया (सुल्तानपुर)। सकवा गांव के बाहर बुधवार की देर शाम एक पेड़ की डाल टूटकर हाईटेंशन लाइन के तार पर गिर गई। इससे बिजली का तार डाल के साथ ही पेड़ के नीचे खड़े पांच युवकों पर गिर पड़ा। हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक बाल-बाल बच गए।
शंभूगंज क्षेत्र में स्थित सकवा गांव निवासी राहुल (27) बुधवार की देर शाम गांव के बाहर एक पेड़ के नीचे गांव के चार अन्य युवकों के साथ खड़ा होकर बात कर रहा था। अचानक पेड़ की डाल टूटकर हाईटेंशन लाइन के तार पर गिर पड़ी।
डाल की चपेट में आने से बिजली का तार टूटकर नीचे खड़े राहुल पर गिर पड़ा, जिससे उसे करंट लग गया। करंट लगने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। राहुल के साथ खड़े अन्य चार युवक बाल-बाल बच गए।
दोस्तों की सूचना के बाद पहुंचे परिवारीजन शव को लेकर घर ले गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों के मुताबिक राहुल की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी।
दो माह पहले ही एक बेटे आयुष का जन्म हुआ था। बेटे के जन्म के बाद से राहुल बेहद खुश था। राहुल की मौत होने से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मासूम के सिर से पिता का साया छिन गया।