सुल्तानपुर। शहर के लक्ष्मणपुर क्षेत्र में रविवार की दोपहर बाइक सवार दो लोगों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा प्रौढ़ बाल बाल बच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के विवेकनगर निवासी जेपी सिंह (50) पुत्र शिवकुमार सिंह रविवार की दोपहर बाद बाइक से पयागीपुर की ओर जा रहे थे। बाइक पर एक अन्य प्रौढ़ व्यक्ति भी बैठा था। दोनों लोग लक्ष्मणपुर के पास पहुंचे थे तभी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में जेपी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाल बाल बच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।