लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी मनोज वनवासी (26) सोमवार की देर रात अपने घर पर था। तभी पड़ोसी गांव सनई रामपुर गांव निवासी छट्ठू उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि छट्ठू ने मनोज को गाली देनी शुरू कर दी।
मनोज ने इसका विरोध किया तो छट्ठू ने चाकू से मनोज पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। मनोज की चीख सुनकर गांव का ही उसका दोस्त गोलू सिंह (18) पहुंचकर बीच बचाव करने लगा। इससे नाराज छट्ठू ने गोलू पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
हमले के बाद छट्ठू फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनोज और उसके दोस्त गोलू सिंह को परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मनोज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लंभुआ कोतवाल सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि परिवारीजनों की तहरीर पर छट्ठू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के पीछे रंजिश बताई जा रही है।