सुल्तानपुर। शहर के बढ़ैयावीर वार्ड को बार-बार महिला के लिए आरक्षित किए जाने से पुरुष वर्ग को चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिल पा रहा है। वार्ड आरक्षण की जारी अनंतिम सूची पर कई तरह की आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। इसमें कोई ठोस आपत्ति अभी तक नहीं आई है।
नगर निकाय चुनाव के लिए वार्डों के आरक्षण पर अभी तक पांच आपत्तियां आई हैं। इनमें बढ़ैयावीर वार्ड निवासी राकेश कुमार, राम उजागिर यादव, एसके सिंह, सूर्यपाल सिंह, राम नरायन ने जिलाधिकारी कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई है।
एक आपत्ति में बढ़ैयावीर वार्ड को अनारक्षित करने की मांग की गई है। कादीपुर नगर पंचायत में वार्ड का आरक्षण नए सिरे से किए जाने की मांग की गई है। हालांकि किसी आपत्ति में आरक्षण के बदलाव के लिए कोई ठोस आधार नहीं दिया गया है।
बृहस्पतिवार तक पटल पर कुल सात लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इनमें पांच नगर पालिका क्षेत्र व दो आपत्ति नगर पंचायतों के वार्डों पर दर्ज कराई गई हैं। लंभुआ, कोइरीपुर व दोस्तपुर नगर पंचायत के वार्ड आरक्षण पर अभी तक कोई आपत्ति नहीं दर्ज हुई है।
अपर जिलाधिकारी व नोडल अधिकारी मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि आपत्तियों की समय सीमा समाप्त हो गई है। निस्तारण के बाद सूची शासन को भेजी जाएगी। शासन से अनुमोदन मिलने के बाद अंतिम सूची प्रकाशित होगी।