राणा प्रताप पीजी कॉलेज की प्रतियोगिता में दौड़ लगाते प्रतिभागी।
सुल्तानपुर। राणा प्रताप पीजी कॉलेज में शुक्रवार को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। क्षत्रिय शिक्षा समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने कॉलेज की खिलाड़ी ज्योति सिंह को मशाल सौंप कर समारोह का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ियों के अलग-अलग छह खेल हुए। 400 मीटर पुरुष वर्ग की दौड़ मे प्रभात प्रथम स्थान पर रहे। 400 मीटर महिला वर्ग की दौड़ में मानसी यादव प्रथम, 100 मीटर पुरुष दौड़ में नसीमुद्दीन प्रथम, 100 मीटर महिला दौड़ में कोमल प्रथम रहीं। भाला फेंक पुरुष में अनिल कुमार ने 49.40 मीटर भाला फेंक कर पहला स्थान हासिल किया।
भाला फेंक महिला में प्रतीक्षा यादव ने 15.80 मीटर भाला फेंक कर पहला स्थान प्राप्त किया। निर्णायक प्रो. शैलेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. आलोक कुमार वर्मा, विजय कुमार सिंह व सर्वेश सिंह ने परिणामों की घोषणा की। संयोजक क्रीड़ा सचिव बृजेश कुमार सिंह व डॉ. अखिलेश सिंह ने कैप व बैज लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। संचालन संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ.अमित तिवारी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बृजेश सिंह व डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने किया।