सुल्तानपुर। शाॅर्ट सर्किट से शहर के मुख्य डाकघर का सर्वर ठप होने से लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी लाखों का लेन-देन प्रभावित हुआ है। घंटों इंतजार के बाद ग्राहकों को वापस होना पड़ा। इसे लेकर डाकघर में दिनभर अफरा-तफरी रही।
मुख्य डाकघर के बीएसएनएल का सर्वर सोमवार को अचानक शॉर्ट सर्किट से बंद हो गया। कुछ देर इंतजार के बाद अधिकारियों ने इसकी शिकायत की। सोमवार को पहुंचे बीएसएनएल के कर्मचारी दिन भर फॉल्ट ढूंढते रहे, लेकिन खराबी नहीं मिली। मंगलवार को दूसरे दिन काफी खोजबीन के बाद इंटरनेट की दो लाइनों के बीच शॉर्ट सर्किट मिली। तब तक डाकघर का परिसर लगभग सूना हो गया था।
शाम को लाइन दुरुस्त होने के बाद डाकघर में कामकाज शुरू हुआ, लेकिन तब तक घंटों इंतजार के बाद ग्राहक वापस हो चुके थे। दो दिनों से सर्वर ठप रहने से डाकघर में रोज होने वाली धनराशि की जमा, निकासी, बीमा, रजिस्ट्री, बचत योजनाओं सहित अन्य बाधित रहे। इसकी वजह से डाकघर को नुकसान उठाना पड़ा है।
केस-1
50 किमी दूर से लगातार दूसरे दिन आना पड़ा
कोइरीपुर निवासी जयप्रकाश मौर्या ने बताया कि उन्हें अपनी पासबुक के लिए लगातार दूसरे दिन आना पड़ा, लेकिन दूसरे दिन भी पासबुक नहीं मिल पाई। करीब 50 किमी दूर से आना-जाना पड़ रहा है।
केस-2
सर्वर बंद होने से नहीं जमा हुई आईडी
बेलहरी निवासी डीपी सिंह ने बताया कि वह अपनी आरडी जमा करने आए थे, लेकिन सर्वर बंद होने से आरडी जमा नहीं हुई। काफी देर इंतजार के बाद वापस होना पड़ा। करीब 30 किमी दूर से शहर आया था। अब स्थानीय डाकघर में जमा करना पड़ेगा।
दोपहर बाद काम शुरू हुआ
डाकघर अधीक्षक पीसी तिवारी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से सर्वर दो दिनों से बंद था। मंगलवार को दोपहर बाद सर्वर चालू होने से काम शुरू हो गया।