सुल्तानपुर। सलारपुर गांव में सोमवार रात रिश्ते का प्रस्ताव लेकर प्रेमिका के घर पहुंचे युवक ने शादी से इंकार करने पर युवती के मां-बाप को हंसिया से काट डाला। डबल मर्डर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसपी ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सलारपुर मोतीगंज गांव निवासी राममिलन (55) की पुत्री का कसमऊ के लालमणि उर्फ लल्लू पुत्र तुलसीराम से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीच में दोनों के बीच विवाद हो जाने के बाद लालमणि उर्फ लल्लू परदेस चला गया। तीन माह पूर्व वह वापस अपने गांव कसमऊ पहुंचा था। सोमवार रात करीब 12 बजे लालमणि युवती के घर पहुंचा। घर के पीछे स्थित पेड़ के सहारे वह मकान की छत पर पहुंच गया।
छत पर युवती अपनी बहन की बेटी के साथ सो रही थी। लालमणि ने वंदना से शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने इंकार कर दिया। इस बीच दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उसके बाद युवती के पास सो रही भतीजी की नींद खुल गई और वह भागकर अपने नाना राममिलन और नानी राजकुमारी के पास पहुंच गई और विवाद की जानकारी दी। इस पर राममिलन और राजकुमारी (52) शोर मचाते हुए छत पर पहुंच गए।
राममिलन ने लालमणि को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच लालमणि ने छत पर पड़े हंसिये से राममिलन पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। पति को बचाने पहुंची राजकुमारी को भी लालमणि ने हंसिये से काट डाला। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। चीख-पुकार के बाद जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे आरोपी फरार हो गया। डबल मर्डर से गांव में सनसनी फैल गई।
दंपती की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा, एएसपी ग्रामीण शिवराज, सीओ जयसिंहपुर दलवीर सिंह फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉयड टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी ने घटना के बाबत युवती और उसकी भतीजी से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी लालमणि उर्फ लल्लू के खिलाफ केस दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।