सुल्तानपुर। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर 14 कंटेनमेंट एरिया को मिलाकर एक हॉट स्पॉट जोन बनाया गया है। हॉट स्पॉट जोन में शहर सील होने से व्यावसायिक गतिविधियां ठप हो गई है। 25 जुलाई से सील शहर में चार अगस्त से और सख्ती बढ़ा दी गई है। मार्गों पर बैरिकेडिंग से आवाजाही पर अंकुश लग गया है। शहर की करीब एक लाख आबादी बफर जोन व हॉट स्पॉट जोन की चपेट में आ गई है।
शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने इस पर काबू पाने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन ने घोषित हॉट स्पॉट व बफर जोन में आदेश जारी कर चौकसी बढ़ा दी है। प्वॉइंट पर पुलिस व राजस्व कर्मियों को तैनात कर निगरानी सख्त कर दी है। लोगों के घरों से निकलने पर पाबंदी लगाते हुए डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर इन क्षेत्रों में आवश्यक सामानों की आपूर्ति घर-घर कराई जा रही है। इसके साथ ही मेडिकल टीम की ओर से सर्वे का कार्य शुरू करा दिया गया है।
शहर सील होने व हॉट स्पॉट जोन के मार्गों पर बैरिकेडिंग से व्यावसायिक गतिविधियां बंद हो गई हैं। इसकी वजह से व्यापारियों को लंबा नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि बंदी का असर संक्रमण पर पड़ा है। शहर में तीन दिनों से संक्रमण में कुछ कमी आई है। फिलहाल प्रशासन ने 14 अगस्त तक शहर में कोई ढील नहीं देने के पक्ष में है। डीएम का कहना है कि 10 से 14 दिन तक कोई केस नहीं मिलने पर ही शहर में रियायत दी जा सकेगी।
शहर में पसरा रहा सन्नाटा
शहर सील होने से बुधवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने शहर का निरीक्षण का स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आवश्यक सामानों की आपूर्ति व्यवस्था की भी जानकारी ली। हालांकि कुछ क्षेत्रों में किराना संबंधी सामानों की आपूर्ति नहीं होने की शिकायतें लोगों की रहीं।
इसके साथ ही बैंकों से पैसे की निकासी के लिए कंटेनमेंट जोन के लोग परेशान रहे। सचल एटीएम सेवा शुरू नहीं होने से ये दिक्कतें दूर नहीं हो सकीं। एसडीएम सदर रामजी लाल का कहना है कि सामानों की आपूर्ति के लिए पास जारी किए गए हैं। कुछ और पास जारी किए जा रहे हैं।