विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। एक्सरे कक्ष में ताला लटकने के कारण सीएचसी बल्दीराय में जरूरतमंद मरीजों को भटकना पड़ता है। एक्सरे नहीं होने से हड्डी के मरीजों का इलाज सही तरीके से नहीं हो पाता।
मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे सीएचसी में फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एसटीएस अपने कक्ष में मौजूद मिले। डॉ. रमेश वर्मा, डॉ. अशोक मिश्रा, डॉ. सरिता रानी, डॉ. गरिमा सिंह, डॉ. आकांक्षा मिश्रा व डॉ. एसपी सिंह ओपीडी में मरीज देख रहे थे। लेकिन एक्सरे कक्ष में ताला लटक रहा था।
सेमरा गांव की जुबैदा अपने 11 वर्ष के बेटे मोहम्मद सैफ के पैर में चोट लगने पर अस्पताल आई थीं। एक्सरे नहीं होने से उन्हें लौटना पड़ा। पता चला कि एक एक्सरे टेक्नीशियन को दूसरी सीएचसी से संबद्ध किया गया है। वह सप्ताह में तीन दिन ही आते हैं। दुर्घटना की चपेट में आने वाले लोगों को भी प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करना पड़ता है।
जल्द दुरुस्त होगी व्यवस्था
सीएचसी प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सकों व टेक्नीशियन की कमी के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।