सुल्तानपुर। भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य पद पर पार्टी का उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी के निर्णय के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा की अध्यक्षता में बनी समिति ने करीब एक सप्ताह पहले दावेदारों की सूची को अंतिम रूप देते हुए काशी क्षेत्र कार्यालय भेज दिया था। काशी क्षेत्र कार्यालय ने सूची पर मुहर लगाते हुए उसे प्रदेश कार्यालय भेज दिया है।
चार दिन पहले प्रदेश कार्यालय पहुंची जिला पंचायत सदस्य के उम्मीदवारों की सूची पर अभी तक निर्णय नहीं हो सका है। सूची पर निर्णय नहीं होने से भाजपा से दावेदार हलकान हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक एक-एक वार्ड से कई लोगों की दावेदारी को देखते हुए प्रदेश कार्यालय इस पर अभी निर्णय नहीं कर सका है।
सूची पर निर्णय में देरी से भाजपा नेताओं की ओर से जोर-आजमाइश जारी है। उम्मीदवारी के लिए भाजपाई लगातार पार्टी के बड़े नेताओं से संपर्क साध रहे हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक दूसरे चरण के उम्मीदवारों को तय करने के लिए शुक्रवार को प्रदेश समिति की बैठक होने की उम्मीद है।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने बताया कि अभी पहले चरण के चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची प्रदेश कार्यालय से जारी की गई है। जल्द ही दूसरे चरण के चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची प्रदेश कार्यालय से अनुमोदित कर दी जाएगी।