शट डाउन लेकर नलकूप का फॉल्ट ठीक करने गए एक दिहाड़ी लाइनमैन को करंट लग गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। उधर, घटना के बाद कर्मचारी विद्युत उपकेंद्र छोड़कर भाग गए।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर लपटा गांव निवासी अमर बहादुर (40) पुत्र सीताराम प्रजापति दियरा विद्युत उपकेंद्र पर दिहाड़ी लाइनमैन है। गुरुवार को वह क्षेत्र के मोतिगरपुर ब्लॉक के बगल में स्थित राजकीय नलकूप संख्या-36 केवी का फॉल्ट ठीक करने गया था। इस दौरान उसने उपकेंद्र से शट डाउन भी लिया था।
वह ट्रांसफार्मर पर चढ़कर एक तार बदलकर दूसरा तार जोड़ रहा था। तभी सप्लाई चालू हो गई। करंट लगते ही अमर बहादुर पोल पर लगे ट्रांसफार्मर से नीचे गिर पड़ा। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
करंट लगने की घटना के बाद से विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी भाग गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी प्राइवेट लोगों से विद्युत उपकेंद्र पर काम लेते हैं, जिसकी वजह से आए दिन लोगों की मौत हो रही है।