पुरवा हवा के बीच दिन भर भीषण उमस भरी गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शनिवार को धूप एवं बदली के बीच तापमान में गिरावट आने के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने रविवार को आसमान में बदली रहने और छिटपुट बारिश की संभावना जताई है।
शनिवार को सुबह के समय आसमान में हल्के बादल छाए रहे। आसमान में बादल रहने के साथ ही पुरवा हवा चलने से मौसम खुशनुमा रहा।
दोपहर आते-आते मौसम का मिजाज बदला और तेज धूप निकल आई। बीच-बीच में तेज धूप व बदली से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
धूप से बचाव के लिए लोगों ने गमछा व छाते का सहारा लिया। तापमान में गिरावट आने के बाद भी पुरवा हवा चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली।
गर्मी से जिले का जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग ने रविवार को आसमान में बादल रहने और छिटपुट बारिश के आसार जताए हैं।
नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 37.5 रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में नमी 70-55 फीसदी रही। उत्तरी-पुरवा हवा की गति 4 किलोमीटर प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में 86 प्रशिक्षु शिक्षकों के एक बैच का प्रशिक्षण चल रहा है। यह प्रशिक्षण एक ही कमरे में कराया जा रहा है।
शनिवार को प्रशिक्षण के समय प्रशिक्षु शिक्षिका प्रभा अग्रहरि गर्मी के कारण गश खाकर गिर पड़ी। मास्टर ट्रेनर व अन्य प्रशिक्षु शिक्षकों ने शिक्षिका को पंखे के नीचे लाकर बैठाया। थोड़ी देर बाद उसे डायट प्रशासन ने घर पहुंचाया।