सुल्तानपुर। देहात कोतवाली के अभियाखुर्द गांव मे बुधवार की रात सीवान में ग्रामीणों को जंगली जानवर की आवाज सुनाई पड़ी। टॉर्च की रोशनी में जानवर की आकृति और रूप तेंदुए जैसा दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि टॉर्च जलाने व शोर मचाने पर जानवर निर्माणाधीन फोरलेन व रेलवे लाइन पार कर भाग निकला। सुबह ग्रामीणों व वन महकमे के लोग मौके पर पहुंचे। खेतों में जानवर के पग चिह्न दिखे। वन कर्मियों ने लोगों को सावधान रहने को कहा है।
देहात कोतवाली के पीछे स्थित अभियाखुर्द गांव के बीच से ही फोरलेन वाराणसी हाईवे का बाईपास निर्माणाधीन है। देर शाम करीब आठ बजे लोग बाईपास पर टहल रहे थे। तभी उनको खेतों के बीच बड़ा जानवर दिखा जो लोगों की आहट पाकर अजय पांडेय के आम की बाग व नलकूप की ओर चला गया। अजय नलकूप पर मौजूद थे। उन्होंने टॉर्च जलाई तो जानवर पड़ोस के भारत पांडेय के चरी के खेत में चला गया।
उसके बाद इकट्ठा लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जंगली जानवर बाईपास व रेलवे लाइन पार करता हुआ भाग निकला। बृहस्पतिवार सुबह फिर से लोग खेतों के पास पहुंचे व यूपी-112 व वन महकमे को सूचना दी। खेतों में मौजूद पग चिह्नों के निशान से लोग जंगली जानवर के तेंदुआ होने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि पग चिह्न की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।