सुल्तानपुर। छतौना कला गांव में शनिवार की दोपहर चकमार्ग की पैमाइश करने पहुंचे लेखपाल को एक युवक ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
लेखपाल की पिटाई से भी युवक का मन नहीं भरा तो उसने नक्शा और अन्य अभिलेख फाड़ कर जमीन पर फेंक दिए। ग्राम प्रधान के पति व अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर लेखपाल को बचाया।
प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के कोटिया गांव निवासी हरिश्चंद्र यादव चांदा कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर क्षेत्र के लेखपाल हैं।
शनिवार को एसडीएम के आदेश पर वे क्षेत्र के छतौना कलां गांव में चकमार्ग की पैमाइश करने पहुंचे थे। पैमाइश के दौरान छतौना कलां गांव का ही कमलेश सिंह वहां पहुंच गया। कमलेश सिंह ने हरिश्चंद्र यादव की पिटाई शुरू कर दी।
पिटाई के बाद कमलेश सिंह ने लेखपाल के हाथ से नक्शा व अन्य अभिलेख छीनकर उसे फाड़ डाला। पैमाइश के दौरान मौके पर मौजूद प्रधान के पति पंकज सिंह और अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह से लेखपाल को बचाया।
लेखपाल ने इसकी सूचना एसडीएम को दी। चांदा कोतवाल प्रवीण कुमार यादव ने लेखपाल की तहरीर पर कमलेश सिंह के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
चांदा कोतवाल ने बताया कि आरोपी कमलेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।