सुल्तानपुर। तहसील बल्दीराय में जब जिलाधिकारी समाधान दिवस में फरियाद सुनने बैठीं तो उनके सामने राजस्व विभाग की शिकायतों का अंबार लग गया। पिछौरा गांव के किसान शारदा यादव ने कहा कि वे भूमि का सीमांकन करवाने के लिए एक साल से चक्कर काट रहे हैं। लेखपाल और कानूनगो पैमाइश के लिए रिश्वत मांग रहे हैं। कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यहां कुल 138 में से 70 शिकायतें केवल राजस्व विभाग से संबंधित रहीं।
यह देखते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि जहां कहीं जमीन का विवाद है, वहां राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाएं। दोनों पक्षों से वार्ता कर शिकायत का निस्तारण करें और शिकायतकर्ता से संतुष्टि पत्र पर हस्ताक्षर जरूर कराए जाएं। यदि दोबारा ऐसा मामला आए तो उसे बेहद गंभीरता से लिया जाए।
उन्होंने कहा कि जो शिकायतें आज निस्तारित नहीं हो पाई हैं, उन्हें हर हाल में एक सप्ताह में निस्तारित करें। इस दौरान सीडीओ अंकुर कौशिक ने क्षेत्र की चार सहकारी समितियों व सात निजी दुकानों के विक्रेताओं को उर्वरक की बिक्री के लिए ई-पास मशीन दी। इस मौके पर एसपी सोमेन बर्मा, एसडीएम महेंद्र श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।
लंभुआ में एसडीएम वंदना पांडेय ने शिकायतों की सुनवाई की। 129 शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। जयसिंहपुर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन बी प्रसाद ने जनशिकायतों की सुनवाई की। 187 शिकायतों में से सात का निस्तारण किया गया। इस मौके पर एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम संजीव कुमार यादव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।