सुल्तानपुर। मुंबई इंडियंस की आईपीएल टीम में सुल्तानपुर का एक सितारा कुमार कार्तिकेय पहले ही जगमगा रहा है। अब पश्चिम बंगाल क्रिकेट में भी सुल्तानपुर की फिरकी का जादू दिखने लगा है। पश्चिम बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (कैब) ने अपनी वनडे और टी-20 की टीम में सुल्तानपुर के पीढ़ी चौराहा निवासी अनुराग तिवारी का चयन किया है।
अनुराग बाएं हाथ के स्पिनर हैं और बंगाल की टीम में बतौर आलराउंडर रणजी टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। उनके पिता सुभाष चंद्र तिवारी अधिवक्ता हैं और सुल्तानपुर में ही प्रैक्टिस करते हैं। उन्होंने बताया कि जीआइसी सुल्तानपुर से कक्षा आठ पास करने के बाद 12 वर्ष की उम्र में ही अनुराग पश्चिम बंगाल चले गए और वहीं क्लब क्रिकेट से अपने पेशेवर क्रिकेट जीवन की शुरुआत की।
अनुराग ने क्रिकेट की शुरुआत सुल्तानपुर में ही की थी। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के दिलशाद अहमद शुरुआती कोच रहे हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज अनुराग कहते हैं कि वे डेनियल विटोरी और रविंद्र जडेजा को अपना आदर्श मानते हैं। बताया कि वे पश्चिम बंगाल की जीत का हिस्सा बनना चाहते हैं। उनके पिता ने उम्मीद जताई कि जल्द ही अनुराग आईपीएल में भी खेलते नजर आ सकते हैं।