विद्युत वितरण खंड अपने शहरी उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर एलईडी बल्ब बांटेगा। एलईडी बल्ब की सुविधा पूरा विद्युत बिल चुकता करने वालों को ही मिलेगी। पावर कॉर्पोरेशन से एजेंसी नामित होते ही विद्युत वितरण मंडल एलईडी बल्ब वितरण की तैयारी में जुटा है। वितरण इसके लिए शिकायत कक्ष में कैंप लगाने पर विचार कर रहा है।
पावर कॉर्पोरेशन विद्युत की खपत कम करने एवं बिलों की वसूली की हरसंभव कोशिश में लगा है। बिलों की वसूली के लिए इंजीनियरों व उपभोक्ताओं पर दबाव बनाने के साथ कॉर्पोरेशन एलईडी बल्ब की योजना लेकर आया है। वितरण खंड इसे अपने उपभोक्ताओं को बाजार से सस्ती दरों पर उपलब्ध कराएगा। योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए कॉर्पोरेशन ने जिले के लिए एक एजेंसी को नामित कर दिया है।
मिलेंगे अधिकतम पांच एलईडी बल्ब
एलईडी बल्ब की सुविधा अधिक उपभोक्ताओं को मिले और कोई सुविधा का दुरुपयोग न कर सके इसके लिए भी योजना तैयार की गई है। एक उपभोक्ता को अधिकतम पांच एलईडी बल्ब ही दिए जाने का प्रावधान किया गया है। उपभोक्ताओं को किसी भी वॉट के पांच एलईडी बल्ब लेने की छूट रहेगी।