विद्युत बचत के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाए गए सस्ते एलईडी बल्ब वितरण कार्यक्रम के तहत बुधवार से वितरण खंड एलईडी बेचेगा। सौ रुपये की दर से एक उपभोक्ता को अधिकतम 10 बल्ब दिए जा सकेंगे। कम बिजली उपयोग में अधिक लाइट देने वाले इस एलईडी की कीमत बाजार में करीब साढ़े तीन सौ रुपये बताई जा रही है। शहर में बुधवार को विद्युत वितरण खंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत डीएम करेंगे।
केंद्र सरकार की ओर से विद्युत बचत के लिए शुरू किए गए घरेलू ऊर्जा दक्षता लाइटिंग कार्यक्रम के तहत विद्युत वितरण खंड बुधवार से महज सौ रुपये में एलईडी बल्ब बेचेगा। सात वॉट के इस बल्ब की कीमत बाजार में करीब साढ़े तीन सौ रुपये बताई जा रही है। विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता एससी झा के मुताबिक सात वॉट का एलईडी वल्ब 15 वॉट के सीएफएल के बराबर रोशनी देगा। वितरण करने वाली कंपनी एलईडी बल्ब की तीन वर्ष की गारंटी भी दे रही है। एक उपभोक्ता को अधिकतम 10 एलईडी ही दिए जा सकेंगे।
एसई ने बताया कि एलईडी के उपयोग से न सिर्फ विद्युत की बचत होगी बल्कि उपभोक्ताओं पर विद्युत बिलों का भार भी कम होगा। योजना का शुभारंभ बुधवार को शहर के चार उपकेंद्रों पर होगा। डाकखाना उपकेंद्र पर जिलाधिकारी एस राजलिंगम अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह 11 बजे योजना का शुभारंभ करेंगे। केएनआई, दरियापुर व पयागीपुर स्थित 400 केवी उपकेंद्र पर भी कैंप लगाकर एलईडी का वितरण किया जाएगा।
वितरण मंडल के एसई शुभचंद्र झा का कहना है कि एलईडी की बिक्री दो माह तक चलेगी। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों के कस्बों में भी कैंप लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं को एलईडी खरीदने के लिए एक पहचान पत्र व विद्युत बिल लाना होगा।