सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को अभिलेख में संशोधन के लिए आखिरी मौका दिया है। 29 दिसंबर तक विद्यार्थी अपने अभिलेखों में त्रुटियों को सुधार सकेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि 2026 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के शैक्षिक विवरण में छात्र-छात्राओं को अभिलेख में संशोधन के लिए आखिरी मौका दिया गया है। शेष रह गई त्रुटियों के संशोधन के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। परिषद के निर्देश पर जन्मतिथि, विषय, लिंग, छात्र और माता-पिता के पूर्ण नाम में लंबित संशोधन से जुड़े सभी प्रकरणों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी की ओर से जारी पत्र में यह निर्देश दिए गए हैं। ऐसे सभी मामलों में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य आवश्यक अभिलेखों की जांच कर त्रुटियों का संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद प्रधानाचार्य संस्तुति सहित प्रस्ताव तैयार करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के माध्यम से इसे 29 दिसंबर तक क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जाएगा। इससे पहले छात्र-छात्राओं को 9 अक्तूबर तक त्रुटि के संशोधन के लिए अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। इसके बाद 29 दिसंबर अंतिम तिथि निर्धारित कर दी गई है।