धम्मौर। लौहर पश्चिम निवासी मजदूर संदीप (26) का शव शुक्रवार सुबह घर के एक कमरे में फंदे से लटका देखा गया। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों के अनुसार संदीप मजदूरी का काम करता था। बृहस्पतिवार रात वह अपने कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनाें को संदेह हुआ।
परिजनों ने कमरे में देखा तो संदीप का शव फंदे से लटका मिला। घर वालों ने बताया कि संदीप गत कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पत्नी किरन एक माह पहले बच्चों के साथ मायके गई थी। धम्मौर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को फंदे से नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की। धम्मौर थानाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
संदीप के कंधो पर परिवार की जिम्मेदारी थी। उनके एक पुत्री स्वाफी (03) व छोटा पुत्र शिव (01) है। संदीप की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।