कुड़वार (सुल्तानपुर)। दुल्लापुर गांव में रविवार रात करीब 12:30 बजे अपने दरवाजे पर चारपाई पर सो रहे मजदूर को दूसरे पक्ष ने गोली मार दी। घायल को गंभीर दशा में मेडिकल कॉलेज से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने गांव के चार लोगों पर केस दर्ज किया है, जिनमें से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
दुल्लापुर गांव के मो. मुजाहिद (50) रात में चारपाई पर सो रहे थे। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष के मो. असीर, मेहरबान, अबू बकर और मोनू उनके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगे। मुजाहिद की नींद खुली तो उन्होंने विरोध किया। वह चारपाई पर बैठे थे, तभी उन चारों में से एक युवक ने मुजाहिद पर फायर कर दिया। गोली उनके दाहिने जांघ में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर मुजाहिद के दरवाजे पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पीड़ित की तरफ से लोग एकजुट होने लगे, जिन्हें देख हमलावर वहां से चले गए। मुजाहिद को सीएचसी ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर देर रात मुजाहिद को लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
मुजाहिद के भाई मो. मुस्तकीम की तहरीर पर चारों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है, लेकिन उनका नाम सार्वजनिक नहीं किया है। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि दो युवक पकड़े गए हैं। हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।