सुल्तानपुर। केएनआईटी के नए छात्रावास में एल-टू हॉस्पिटल बनाया जाएगा। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान डीएम ने नए छात्रावास में एल-टू हॉस्पिटन बनाए जाने की संभावना तलाशी है। उन्होंने संबंधित को नए छात्रावास में ज्यादा से ज्यादा बेड लगाकर एल-टू हॉस्पिटल बनाने का निर्देश दिया।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए डीएम रवीश गुप्ता ने एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र के साथ केएनआईटी के एल-टू हॉस्पिटल का जायजा लिया। केएनआईटी के आर्यभट्ट छात्रावास में तकरीबन बनकर 50 बेड के एल-टू हॉस्पिटल में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शेष व्यवस्थाएं जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने अस्पताल का संचालन जल्द करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान केएनआईटी के साराभाई छात्रावास के पीछे नए छात्रावास का जायजा लेते हुए डीएम ने इसमें भी एल-टू हॉस्पिटल बनाए जाने की संभावना तलाशी। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत के बाद नए छात्रावास में अधिक से अधिक बेड लगाते हुए एल-टू हॉस्पिटल बनाने का निर्देश दिया। एसपी ने छात्रावास का जायजा लेते हुए सुरक्षा के संबंध में पुलिस को निर्देश दिया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने भी ली एल-वन व एल-टू हॉस्पिटल की जानकारी
लंभुआ भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने भी मंगलवार को अमहट स्थित एल-टू हॉस्पिटल पहुंचकर इलाज के व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद केएनआईटी में संचालित एल वन हॉस्पिटल पहुंचकर मरीजों के इलाज के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी ली। विधायक ने अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी से ऑक्सीजन के संबंध में फोन पर बातचीत की। बताया कि अपर मुख्य सचिव ने ऑक्सीजन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।