फार्मा फेस्ट के दूसरे दिन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते विद्यार्थी।
सुल्तानपुर। कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान (केएनआईपीएसएस) में चल रहे तीन दिवसीय फार्मा फेस्ट के दूसरे दिन यहां के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। कबड्डी, खो-खो, रंगोली, रस्साकसी व अन्य प्रतियोगिताओं में केएनआईपीएसएस के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मेडल अपने नाम किए।
महिला कबड्डी प्रतियोगिता, खो-खो और रंगोली में केएनआईपीएसएस के बीफार्मा अंतिम वर्ष की टीम विजयी रही। महिला वर्ग की रस्साकसी प्रतियोगिता केएनआईपीएसएस के बीफार्मा द्वितीय वर्ष की टीम ने जीती। मॉडल कंपटीशन और कैरम में भी केएनआईपीएसएस के विद्यार्थियों का दबदबा रहा।
चेस प्रतियोगिता में कुंवर हरिवंश सिंह फार्मेसी कॉलेज जौनपुर के प्रतिभागी विजेता रहे। संस्थान के निदेशक प्रो. महेश प्रसाद ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ ही खेल का भी विशेष महत्व है। तीन दिवसीय फार्मा फेस्ट में बालिकाएं अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।