सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम में बेटियों ने एक बार फिर बाजी मारी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा का परिणाम शनिवार को घोषित होते ही परीक्षार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं परिजनों व मित्रों के साथ खुशी से झूम उठे। मिठाई खिलाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
हाईस्कूल की छात्रा खुशी मिश्रा व छात्र आयुष बरनवाल ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से जिले में टॉप किया। इन दोनों विद्यार्थियों ने हाईस्कूल की प्रदेश मेरिट लिस्ट में संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल किया। वहीं, श्रेया पाठक ने 96.83 प्रतिशत अंक के साथ जिले में दूसरा व प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया। जबकि अनमोल मौर्य ने 96.67 प्रतिशत अंक के तीसरा व प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में अपर्णा सिंह ने 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया। इन्होंने प्रदेश की मेरिट लिस्ट में सातवां स्थान प्राप्त किया। दीपिका भारती व रागिनी राजभर ने 96.40 प्राप्त कर दूसरा व प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया। जबकि श्वेता मिश्रा ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा व प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया। इस बार जिले में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 83.34 प्रतिशत तथा इंटर का 81.98 प्रतिशत रहा।