बंधुआकला/कूरेभार। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ के विशेषज्ञों की सात सदस्यीय टीम ने बुधवार को सुल्तानपुर के विभिन्न गांवों में हर घर जल योजना की जमीनी हकीकत परखी। डॉ. सौरभ कश्यप (एसोसिएट प्रोफेसर, कम्युनिटी मेडिसिन) के नेतृत्व में टीम ने रवनिया पूरब, पश्चिम, बहलोलपुर, इरुल, राघवपुर और श्रीरामपुर गांवों का दौरा किया।
टीम ने घर-घर जाकर जलापूर्ति की स्थिति देखी। टीम ने कंपोजिट विद्यालय इरुल और अन्य स्कूलों का भ्रमण कर वहां पेयजल सुविधाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर चर्चा की। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछा कि क्या पानी आने से जलजनित बीमारियों (जैसे डायरिया, हैजा) में कमी आई है। साथ ही ग्राम जल समितियों की सक्रियता को भी परखा।
इस मौके पर जल निगम के अधिशासी अभियंता वकार हुसैन, जीआईएस एक्सपर्ट राम कृष्ण, सीबीटी सूरज सिंह और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अनूप कुमार तिवारी मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता ने योजना के बेहतर संचालन के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।