पति की लंबी आयु व अखंड सुहाग की रक्षा के लिए सुहागिनों ने रविवार को करवा चौथ का व्रत रखा। दिन भर निर्जला व्रत रहने के बाद देर शाम सुहाग के जोड़े में सज-संवरकर महिलाओं ने चंद्रमा व गणेश भगवान की पूजा-अर्चना की। करवा के जरिए पतियों ने पानी पिलाकर पत्नियों का उपवास तोड़वाया। घरों में तरह-तरह के पकवान बनवाने व पूजा-अर्चना की तैयारियों में मशगूल महिलाओं के साथ बच्चे भी खासे उत्साहित नजर आए।
करवा चौथ के लिए मार्केट में विभिन्न प्रकार के कॉस्मेटिक सामानों की इस बार धूम रही। शहर के बाटा गली में स्थित फैशन ग्लोबस के दुकानदार निकेत प्रताप की मानें तो इस समय बाजार में महिलाओं की ओर से हरी, लाल, पीली कांच, कुंदन वर्क व थ्रैड वर्क की चूड़ियों को खास तवज्जो दी जा रही है।
स्पेशल तौर से मुंबई से मंगाई गई रंग-बिरंगी चूड़ियों की रविवार को महिलाओं ने खूब खरीदारी की। कॉस्मेटिक सामान में नेल पॉलिश, लिपिस्टक, काजल, सिंदूर, रंग-बिरंगी ज्यूलरी, मोतियों से जड़ित गड़बी, चांद को अर्ध्य देने के लिए स्टाइलिश छलनी, थाली व ब्राइडल पर्स की भी महिलाओं ने खरीदारी की।