लंभुआ के प्राचीन शिव मंदिर में 181 फीट लंबी कांवड़ तैयार करने में योगदान करतीं महिलाएं।
लंभुआ (सुल्तानपुर)। लगातार 15 वर्षों से निकल रही कांवड़ की लंबाई इस बार फिर आयोजकों ने 10 फीट बढ़ा दी है। सोमवार को 181 फीट की कांवड़ को सबसे लंबी कांवड़ होने का दावा किया जा रहा है।
धोपाप से पवित्र जल लेकर कावंड़िये यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा 13 किमी दूरी तय करके बाबा जनवारीनाथ धाम में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। कावंड़ियों के कंधे पर निकाली जा रही कांवड़ का वजन 11 क्विंटल बताया जा रहा है।
कांवड़ निर्माण समिति के अध्यक्ष दिलीप अग्रहरि की देखरेख में वर्ष 2011 को 51 फीट लंबी कांवड़ निकाली गई थी। फिर प्रत्येक वर्ष कांवड़ की लंबाई 10 फीट बढ़ती गई। कोरोना काल में एक वर्ष यह यात्रा स्थगित कर दी गई थी। बीते वर्ष कावड़ियों ने 171 फीट की भव्य कांवड़ यात्रा निकाली थी। अध्यक्ष दिलीप अग्रहरि ने बताया कि कांवड़ निर्माण में किसी से कोई आर्थिक सहयोग नहीं लिया जाता है। सभी शिवभक्त अपनी इच्छा के अनुसार कांवड़ियों के लिए जलपान आदि का इंतजाम करते हैं।
लंभुआ नगर में कई स्थान पर कावंड़ियों के स्वागत व जलपान की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा पूरे नगर क्षेत्र में जगह-जगह झांकियां निकाली जाती हैं।