सुल्तानपुर। मुख्यालय का जंक्शन जल्द ही विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशनों में शुमार होगा। उत्तर रेलवे की ओर मंडल के अन्य जनपदों के साथ जिले के रेलवे स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है। योजना तैयार होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन पर विभाग की ओर से कई यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं लेकिन यात्रियों की आवाजाही के हिसाब से अभी ये सुविधाएं अपर्याप्त हैं। इसे देखते हुए उत्तर रेलवे की ओर से जंक्शन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष गंगल ने जिले का चयन किया है।
चयनित रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की कवायद रेलवे ने शुरू कर दी है। इसके तहत प्लेटफार्म पर टाइल्स, यात्री विश्रामालय का विस्तार, एस्केलेटर, आधुनिक टिकट काउंटर, लिफ्ट समेत अन्य यात्री सुविधाएं जंक्शन पर उपलब्ध कराई जाएंगी। रेलवे स्टेशन के दोनों निकास की ओर टिकट काउंटर भी योजना में शामिल होगा।
उत्तर रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। मंडल के कई रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने की चल रही तैयारी के बीच विभाग ने पिछले दिनों क्षेत्रीय सांसदों व उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने सांसदों व उनके प्रतिनिधियों से उनके क्षेत्र के स्टेशनों की यात्री सुविधाओं के बारे में जानकारी ली थी।
बैठक में शामिल जिले की सांसद मेनका गांधी के प्रतिनिधि रणजीत कुमार ने तीन नंबर प्लेटफार्म पर एस्केलेटर समेत अन्य यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। बताया कि बैठक में मंडल रेल प्रबंधक की ओर से जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की जानकारी दी गई। कहा कि स्टेशन पर कराए जाने वाले कार्य का खाका जल्द मिल जाएगा।