सुल्तानपुर। वाराणसी रेलवे स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य बुधवार से शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत प्लेटफार्म संख्या चार व तीसरे फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा करवाया जाएगा। इस वजह से रेलवे ने वाराणसी रेलवे स्टेशन पर बुधवार से लेकर 15 दिसंबर तक का ट्रैफिक ब्लॉक लिया है। ट्रैफिक ब्लॉक औड़िहार से जौनपुर रेलवे स्टेशन के बीच लिया गया है। इसको लेकर रूट की सद्भावना, इंदौर-कामाख्या एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन विभिन्न तिथियों पर रेलवे की ओर से किया गया है।
बुधवार के साथ ही 18, 20, 22, 23, 25, 27, 29, 30 नवंबर व दो, चार, छह, सात, नौ, 11,13 व 14 दिसंबर को रक्सौल से चलने वाली सद्भावना अप एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन औड़िहार से जौनपुर रेलवे स्टेशन के बीच किया गया है। यह ट्रेन तय दिनों पर गाजीपुर से आगे औड़िहार रेलवे स्टेशन के बाद वाराणसी वाया जौनपुर के रास्ते नहीं रवाना की जाएगी। रूट डायवर्जन से यह ट्रेन औड़िहार से सीधे जफराबाद वाया जौनपुर के रास्ते सुल्तानपुर के लिए रवाना की जाएगी।
वहीं आनंदविहार से रक्सौल तक जाने वाली सद्भावना डाउन एक्सप्रेस का भी मार्ग परिवर्तन जौनपुर से औड़िहार रेलवे स्टेशन के बीच किया गया है। 17, 18, 20, 22, 24, 25, 27, 29 नवंबर व एक, दो, चार, छह, आठ, नौ, 11 व 13 दिसंबर को आरंभिक स्टेशन आनंद विहार से चलने वाली सद्भावना डाउन एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन तय दिनों पर जौनपुर से औड़िहार रेलवे स्टेशन के बीच किया गया है। यह ट्रेन तय दिनों पर जौनपुर से वाया जफराबाद के रास्ते से सीधे वाराणसी नहीं जाएगी। यह ट्रेन जौनपुर से जफराबाद रेलवे स्टेशन से सीधे औड़िहार रेलवे स्टेशन वाया गाजीपुर के रास्ते आगे के लिए रवाना की जाएगी।
कामाख्या से डॉ. अंबेडकरनगर रेलवे स्टेशन को जाने वाली कामाख्या-इंदौर अप एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन भी औड़िहार से जौनपुर रेलवे स्टेशन के बीच किया गया है। 20, 27 नवंबर, चार व 11 दिसंबर को कामाख्या से चलने वाली कामाख्या-इंदौर अप एक्सप्रेस तय दिनों पर औड़िहार रेलवे स्टेशन से सीधे जफराबाद वाया जौनपुर के रास्ते सुल्तानपुर के लिए रवाना की जाएगी।
वहीं, 17, 24 नवंबर, एक व आठ दिसंबर को डॉ अंबेडकरनगर रेलवे स्टेशन से चलने वाली इंदौर-कामाख्या डाउन एक्सप्रेस तय दिनों पर जौनपुर से जफराबाद रेलवे स्टेशन से सीधे औड़िहार रेलवे स्टेशन वाया गाजीपुर के रास्ते आगे के लिए रवाना की जाएगी। ट्रेनों का रूट डायवर्जन किए जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेलवे रेखा शर्मा ने ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किए जाने की पुष्टि की है।