शहर से सटे आनापुर या पचेहरी के फेर में फंसी जजेज कॉलोनी अब पचेहरी में बनेगी। प्रशासन की ओर से भूमि का चिह्नांकन करने के बाद शनिवार दोपहर एसडीएम कार्यालय पहुंचे काश्तकारों ने भी अपनी जमीन पर सहमति दे दी है। किसानों की सहमति मिलने के साथ ही जजेज कॉलोनी की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।
जिले की स्थापना के बाद से दीवानी न्यायालय स्थापित करने की कवायद अब तकरीबन अंतिम चरण में है। न्यायालय के लिए जामों रोड स्थित विशुनदासपुर में कलेक्ट्रेट के लिए अधिग्रहीत भूमि के एक हिस्से पर दीवानी न्यायालय निर्माण के लिए शासन की संस्तुति मिलने के बाद अब जजेज कॉलोनी स्थापित करने के लिए भी भूमि तलाश ली गई है।
बीते कई दिनों से ग्राम पंचायत आनापुर व पचेहरी की कई जमीनों को देखने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने जजेज कॉलोनी पचेहरी में बनाने का निर्णय लिया है। प्रशासन की ओर से लिए गए इस निर्णय को उस समय बल मिल गया जब शनिवार दोपहर बाद एसडीएम वंदिता से मिलने पहुंचे काश्तकारों ने अपनी जमीनें देने पर मौखिक सहमति जता दी।