अमेठी। संयुक्त विकास आयुक्त ने बृहस्पतिवार को विकासखंड भेटुआ कार्यालय सहित पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान मिली खामियों पर संबंधित को कड़ी फटकार लगाते हुए उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुपस्थित मिले दो कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।
संयुक्त विकास आयुक्त शंकरलाल त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को विकासखंड भेटुआ के गांव कोरारी लच्छनशाह स्थित पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान गोशाला में 30 गोवंश मिले। उन्होंने पशुओं के चारा-पानी और रखरखाव के बारे में जानकारी ली। कहा कि ग्राम प्रधान, बीडीओ व पशु चिकित्सक इसका ध्यान रखें कि गोशाला में कोई अव्यवस्था नहीं होने पाए।
इसके बाद संयुक्त विकास आयुक्त ने सेमरा गांव स्थित पानी की टंकी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टंकी ऑपरेटर राम खेलावन चौहान और कलेक्शन इंचार्ज अरविंद श्रीवास्तव अनुपस्थित मिले।
आयुक्त ने अनुपस्थित मिले दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से पानी की टंकी बंद पड़ी है। जलापूर्ति नहीं हो रही है।
इसके बाद संयुक्त विकास आयुक्त ने टिकरी गांव में क्षेत्र पंचायत की ओर से कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
कमलेश सिंह ने सड़क निर्माण में धांधली का आरोप लगाया। टिकरी से निकलकर संयुक्त विकास आयुक्त ब्लॉक कार्यालय पहुंचे।
जहां अभिलेखों के निरीक्षण में खामियां मिलने पर संबंधित को कड़ी चेतावनी देते हुए इसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।