गौरीगंज। मुसाफिरखाना ब्लॉक की दस ग्राम पंचायतों में सक्रिय विश्वास महिला समूह की सदस्यों का मनरेगा योजना के तहत जॉब कार्ड बनेगा। समूह की मांग पर डीएम ने इस संबंध में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार के साथ बीडीओ को पत्र जारी किया है।
पत्र में गांव में कैंप आयोजित कर सदस्यों का जॉबकार्ड तथा योजना के तहत रोजगार देने को कहा है। डीएम ने जॉबकार्ड बनाकर रोजगार नहीं देने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
केंद्र सरकार की ओर से संचालित महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम के तहत विश्वास महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला सदस्यों का जॉबकार्ड बनाया जाएगा।
पिछले दिनों समूह की सदस्यों ने डीएम प्रशांत शर्मा से मिलकर जॉबकार्ड बनवाने तथा रोजगार दिलाने की मांग की थी। सदस्यों के मांग पत्र की जांच करवाने के बाद डीएम ने महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गांरटी एक्ट के निहित प्राविधानों के तहत महिलाओं को रोजगार देने का निर्णय लिया है।
निर्णय के बाद डीएम ने उपायुक्त श्रम एवं रोजगार के साथ खंड विकास अधिकारी मुसाफिरखाना को पत्र जारी कर संबंधित गांवों में कैंप आयोजित कर महिलाओं के जॉबकार्ड बनाने तथा उन्हें कम से कम 100 दिन का रोजगार देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
डीएम ने पत्र में बीडीओ को संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से गांव में कैंप आयोजित कर विश्वास महिला समूह की सदस्यों का जॉबकार्ड बनाने तथा उन्हें रोजगार मुहैया करवाते हुए रिपोर्ट देने को कहा है। डीएम ने समूह के सदस्यों का जॉबकार्ड नहीं बनने तथा उन्हें रोजगार नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
मुसाफिरखाना के जिन 10 ग्राम पंचायतों में विश्वास महिला स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं उनमें पिंडारा महराज, भीखीपुर, सादीपुर, पूरे प्रेम शाह, मठा भुसुंडा, चितईपुर, करपिया, गाजनपुर दुवरिया, जमुवारी व रुदौली प्रमुख हैं।