सुल्तानपुर। विकासखंड क्षेत्र दूबेपुर के एक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। शिक्षक पर स्वतंत्रता सेनानी आश्रित का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी हासिल करने का आरोप है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर दूबेपुर खंड शिक्षाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
दूबेपुर विकास क्षेत्र के बिसानी गांव निवासी वत्सल प्रसाद मिश्र ने स्कूल शिक्षा महानिदेशक से फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी हासिल करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के समर्थन में उसने कई साक्ष्य भी लगाए थे। इसमें प्रतापगढ़ जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की लिस्ट, संबंधित शिक्षक के गांव के प्रधान का प्रमाणपत्र, पारिवारिक रिकॉर्ड, खतौनी समेत अन्य कागजात शामिल थे।
वत्सल प्रसाद मिश्र की शिकायत पर डीजी स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने बीएसए को पत्र भेजकर जांच करने का निर्देश दिया। बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच दूबेपुर खंड शिक्षाधिकारी बलदेव प्रसाद को सौंपी गई है। बीईओ की ओर से प्रतापगढ़ जनपद के अधिकारियों से साक्ष्य मांगे गए हैं। जरूरत पड़ने पर बीईओ स्वयं जाकर साक्ष्य जुटाएंगे। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप कार्रवाई होगी।