सुल्तानपुर। दरियापुर उपकेंद्र क्षेत्र में बुधवार को निरीक्षण के दौरान मिली करीब 22 लाख रुपये की बिजली चोरी के मामले को अधीक्षण अभियंता विपुल कुमार ने गंभीरता से लिया है। आरोपियों पर केस दर्ज कराने के बाद बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता ने डाकखाना उपकेंद्र के अवर अभियंता आनंद प्रकाश को निलंबित कर दिया। दो अवर अभियंताओं पर निलंबन की कार्रवाई से इंजीनियर व कर्मी सकते में आ गए हैं।
अधीक्षण अभियंता ने निरीक्षण में दरियापुर क्षेत्र में तीन बिजली चोरी के मामले पकड़े थे। दो जगह बिजली चोरी करते पाए गए थे। लोड के आकलन में 22 लाख रुपये की बिजली चोरी मिलने पर दरियापुर उपकेंद्र का अतिरिक्त प्रभार देख रहे डाकखाना के अवर अभियंता आनंद प्रकाश को निलंबित कर दिया। टीपीनगर उपकेंद्र के अवर अभियंता जियालाल को दरियापुर उपकेंद्र का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
भदैंया के अवर अभियंता किशनचंद्र को डाकखाना उपकेंद्र का अवर अभियंता बनाया गया है। फरीदीपुर के अवर अभियंता रामेश्वर गुप्ता को भदैंया का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। निलंबित अवर अभियंता को कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इसके पहले कम वसूली में दोस्तपुर के गंगापुर भुलिया उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रवीण कुमार को एसई ने निलंबित कर दिया था।