कुड़वार में एसआईआर प्रपत्र भराते बीएलओ।
सुल्तानपुर। विधानसभा विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में वर्ष 2003 का कॉलम भरना किसी वोटर के लिए आवश्यक नहीं है। ऐसे मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा। नोटिस पर ऐसे मतदाताओं को अपना विवरण देना होगा। विवरण नहीं उपलब्ध कराने की दशा में उन्हें 13 विकल्पों में कोई एक देना होगा।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की दिक्कतों को देखते हुए एसआईआर प्रपत्र जमा करने की अवधि 11 दिसंबर तक बढ़ा दी है। अवधि बढ़ने से मतदाताओं के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों को भी राहत मिल गई है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल लोगों के लिए मौजूदा प्रपत्र में पूर्व की सूची का विवरण भरना आवश्यक नहीं है।
काॅलम छूटा रहने व गलत भरने पर पर भी अनंतिम मतदाता सूची में नाम प्रकाशित होगा। इसके बाद उन्हें सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस पर ऐसे मतदाताओं को अपना विवरण सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को देना होगा। विवरण नहीं दे पाने वालों को 13 विकल्पों में एक विकल्प देना होगा।बीएलओ मैपिंग के दौरान उसका मिलान कर लेंगे। 11 दिसंबर तक लोगों को अपना फॉर्म बीएलओ के पास जमा करना आवश्यक है।