हनुमानगंज बाईपास के रेलवे ओवरब्रिज पर बाहर निकला सरिया।
- फोटो : हनुमानगंज बाईपास के रेलवे ओवरब्रिज पर बाहर निकला सरिया।
भदैंया। सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे के हनुमानगंज बाईपास के रेलवे ओवरब्रिज के दोनों किनारे बनी रेलिंग के पास लोहे का सरिया बाहर निकाल दिया गया है। पूरे आरओबी में सड़क बनाते समय निकाले गए सरिया से वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है। खासकर रात में ज्यादा खतरा है।
करीब तीन माह पहले ओवरब्रिज पर वाहनों का संचालन शुरू हुआ है। संचालन के समय से दोनों ओर रेलिंग के किनारे आधे फीट ऊंचाई पर लोहे का सरिया सड़क के ऊपर निकला है। ब्रिज पर रेडियम व रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से रात के समय वाहनों के लिए खतरा बना है। रेलिंग के किनारे वाहनों के पहुंचने पर उनके पंक्चर होने व बाइक सवारों के गिरने का अंदेशा बना रहता है। इस मामले से एनएचएआई अनजान बना है।
स्थानीय ग्रामीणों सतीश पांडेय, अमरनाथ पांडेय, परमजीत मिश्र और मनोज दुबे समेत अन्य ने इसे एनएचएआई की लापरवाही बताया है। ग्रामीणों ने सरिया को तुरंत निकलवाने की मांग की है। एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। इसका निरीक्षण कराकर सरिया मिलने पर तुरंत उसे कटवा दिया जाएगा।