गौरीगंज। अपने दोपहिया या चार पहिया वाहन लेकर जिले की सड़क पर चल रहे हैं तो सतर्क रहें। यहां की यातायात पुलिस की मनमानी आप पर भारी पड़ सकती है। पिछले छह सितंबर को 20 मिनट के अंदर एक ही वाहन स्वामी के नाम दो बार काटे गए चालान को इसकी बानगी माना जा सकता है।
स्थानीय थाने के पूरे कालिकादीन तिवारी मजरे मऊ निवासी गिरिजा शंकर इलेक्ट्रिक का काम करते हैं। इसी सिलसिले में पिछले छह सितंबर को वे अपनी बाइक संख्या यूपी-36 ए 4166 से शहर आए थे।
वे करीब 11 बजे शहर के सब्जी मंडी के पास पहुंचे थे कि उन्हें यातायात पुलिस ने रोक लिया। हेलमेट नहीं होने की वजह से उनका चालान भी काट दिया।
गिरिजा शंकर की मानें तो यातायात पुलिस ने चालान काटते समय मोबाइल एप पर देखा तो ठीक 20 मिनट पहले उनके वाहन का एक बार और चालान काटा जा चुका था। यह जानने के बावजूद यातायात पुलिस ने दोबारा उनके वाहन का चालान काट दिया।
गिरिजा शंकर की मानें तो हेलमेट नहीं होने के मामले में उनका दोबारा काटा गया चालान एक हजार रुपये का तो पहले काटा गया चालान पांच सौ रुपये का था। यह बात उन्हें तब पता चली जब वे चालान जमा करने के लिए गए।
जिले के सीओ ट्रैफिक पीयूष कांत राय ने कहा कि ई-चालान कटने की वजह से ऐसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। ऐसी स्थिति में जब वाहन स्वमी चालान जमा करने उनके कार्यालय आएगा तो एक ही दिन में दूसरी बार काटा गया चालान निरस्त कर दिया जाएगा। एक ही आरोप में दो तरह के जुर्माने पर सीओ ने कहा कि इसकी जांच कराने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।