सुल्तानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को जिले के हजारों लोगों ने ऑनलाइन योगासन किया। वैश्विक महामारी की वजह से इस बार लोगों ने घर पर ऑनलाइन योग की विभिन्न क्रियाएं सीखीं। जिले के कई संगठनों ने महिलाओं व पुरुषों को ऑनलाइन योग का अभ्यास कराया। योग सीखने वालों में बच्चे, बड़े व बुजुर्ग शामिल हुए।
वैश्विक महामारी कोविड-19 की वजह से इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ऑनलाइन मनाया गया। इसमें जिले की कई संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। ऑर्ट ऑफ लिविंग के लालजी वर्मा के नेतृत्व में उनकी संस्था के कई योग प्रशिक्षकों ने सुबह सात बजे योग की ऑनलाइन शुरुआत की। इन प्रशिक्षकों के साथ 100-150 लोगों ने योगासन किया। गायत्री परिवार के पवित्र ने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार से ऑनलाइन योगाभ्यास कराया गया।
संत पलटूदास योग परिवार के धमेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से साधकों को ऑनलाइन योग सिखाया गया। उधर, परिवर्तन योग संस्थान के योग प्रशिक्षक कपिलदेव दुबे व राजेश कुमार दुबे ने भी लोगों को ऑनलाइन योग का अभ्यास कराया। विश्व योग दिवस पर रविवार को श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में पतंजलि योग पीठ के शोध छात्र शिवेंद्र प्रताप सिंह ने योग का प्रशिक्षण दिया। बीफार्मा के प्राचार्य डॉ. योगेश सिंह ने योग को मानव जीवन का अभिन्न अंग बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शिव हर्ष सिंह ने विश्व योग दिवस पर स्वस्थ जीवन के लिए योग के महत्व पर जानकारी दी। कादीपुर में संत तुलसीदास पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में वरिष्ठ कार्यक्रमाधिकारी डॉ. एसबी सिंह के संजोकत्व में ऑनलाइन योग प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय निदेशक राष्ट्रीय सेवा योजना लखनऊ अशोक श्रोती ने कहा कि सांसों पर नियंत्रण रखना ही योग है।
इससे शारीरिक व आध्यात्मिक सुख मिलता है। अंशुमाली शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यकित को एक घंटा शरीर को और एक घंटा देश को दिया जाना जरूरी है। डॉ. इंदु शेखर उपाध्याय ने कहा कि योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। इस मौके पर डॉ. मंगला प्रसाद श्रीवास्तव, प्राचार्य डॉ. जीतेंद्र तिवारी, संदीप तिवारी, डॉ. नीरज तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।
योगा वेलनेस सेंटर राजकीय होम्योपैथिक खैंचिला के योग प्रशिक्षक सुनील दत्त तिवारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन के निर्देश पर पिछले दो साल से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता रहा है। इस बार कोविड-19 के संक्रमण की वजह से ऑनलाइन योग सिखाया गया। योग प्रशिक्षक सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि रविवार को सुबह फेसबुक के जरिए 300 और व्हाट्स एप के माध्यम से 100 लोग ऑनलाइन योग से जुड़े रहे। सभी लोगों को करीब एक घंटे तक योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया।