सुल्तानपुर। जिले के एक दिवसीय दौरे पर आईं अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा की बैठक में कोरोना नियंत्रण के लिए नामित जिला सर्विलांस अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। एक सप्ताह से अनुपस्थित चल रहे जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राधाबल्लभ के गैर हाजिर मिलने पर अपर मुख्य सचिव ने उनके निलंबन की संस्तुति करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए उपाय करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट में बुधवार को अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा व राजस्व रेणुका कुमार ने कोविड-19 पर नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा शासन की गाइड लाइन के मुताबिक किए जा उपाय के प्रत्येक बिंदुओं की जानकारी ली।
उन्होंने कांटैक्ट ट्रेसिंग, सर्विलांस टीम, रैपिड रिस्पांस टीम के कार्यो की भी जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों का भी बैठक में निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक पॉजिटिव मरीजों का नाम, पता व मोबाइल नंबर दर्ज करने का निर्देश दिया।
साथ ही समय-समय पर अधिकारियों की ओर से उसका सत्यापन कराने को कहा। होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों के साथ एल-वन, एल-टू व एल-थ्री हॉस्पिटल में भर्ती कराए गए मरीजों के समुचित उपचार व भोजन आदि की व्यवस्था ठीक रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने संक्रमण पर नियंत्रण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी। बैठक में जिलाधिकारी सी. इंदुमती व सीडीओ अतुल वत्स ने संक्रमण नियंत्रण के संबंध में किए गए कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन हर्षदेव पांडेय, अपर जिलाधिकारी वित्त उमाकांत त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी समेत संबंधित मौजूद रहे।